स्मार्ट सिटी बनने की ओर बढ़ रही अयोध्या के देवकाली क्षेत्र की तस्वीर विकास के दावों की पोल खोल रही है। धनीराम का पुरवा, कोरखाना, विवेकानंद कॉलोनी, सरस्वतीपुरम, शांतिपुरम और पल्ली वाली गली में हालात इतने बदतर हैं कि लोग अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। महीनों पहले विकास के नाम पर खोदी गई सड़कों को ठेकेदार अधूरा छोड़ गए। अब यही सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। इन गड्ढों में जलभराव हो गया है और ऊपर से घरों के बाहर कूड़े का ढेर और खुदी पड़ी नालियां लोगों का रास्ता रोके खड़ी हैं। पैदल चलना तो दूर, दो पहिया वाहन भी नहीं निकल पा रहे। स्थानीय बुजुर्ग रामलखन कहते हैं, "बेटा, रोज कोई न कोई गिरकर चोटिल हो रहा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे। हम घर से निकलने से भी डरते हैं।" महिलाओं को भी सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। पानी भरी नालियों से उठती दुर्गंध और मच्छरों ने जीना मुहाल कर दिया है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम से लेकर जल निगम तक कई बार शिकायत की, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला। अब लोगों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि अगर जल्द सड़क और नाली की मरम्मत नहीं हुई तो बीमारियां फैलना तय है।