गहमागहमी के बीच परसावां-महोला में आदर्श स्वयं सहायता समूह को मिली कोटेदार की दुकान, 5 मतों से मिली जीत* तारुन। ग्राम पंचायत परसावां-महोला में उचित दर विक्रेता यानी कोटेदार के चयन के लिए मंगलवार दोपहर एसडीएम बीकापुर के निर्देश पर खुली बैठक हुई। पूर्व कोटेदार सुरेंद्र प्रताप सिंह के निधन के बाद से यह दुकान खाली थी। ग्रामीणों की गहमागहमी के बीच बैठक में चयन के लिए आदर्श स्वयं सहायता समूह और अंकुर स्वयं सहायता समूह आमने-सामने थे। हाथ उठाकर हुए मतदान में आदर्श समूह को 177 और अंकुर समूह को 172 मत मिले। इस तरह आदर्श समूह 5 मतों से विजयी रहा और उसके पक्ष में प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में एडीओ ग्राम्य विकास सुरेश कुमार ने बताया कि 2019 के शासनादेश के अनुसार 4000 यूनिट से कम वाली पंचायत में एक ही कोटे की दुकान का प्रावधान है। परसावां-महोला में 3227 मतदाता और करीब 5000 आबादी है। इसी आधार पर एक ही दुकान के लिए चयन किए जाने का प्राविधान है। शुरुआत में कुछ ग्रामीणों ने शासनादेश पर आपत्ति जताई और खुले मतदान की मांग की। अधिकारियों के समझाने के बाद हाथ उठाकर मतदान हुआ, जिसमें फिर आदर्श समूह को 177 और अंकुर समूह को 172 मत मिले। बैठक में सप्लाई इंस्पेक्टर जय नारायण, एडीओ कोऑपरेटिव अमित कुमार सिंह, ग्राम प्रधान गया प्रसाद, ग्राम पंचायत सचिव महेंद्र कुमार वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी लालचंद सरोज पुलिस बल के साथ तैनात थे।