अयोध्या में 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामनगरी पहुंचेंगे। पीएम मोदी के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से राम मंदिर तक जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से दो रूट प्रस्तावित किए गए हैं। पहला रूट एयरपोर्ट से महोबरा चौराहे होते हुए राम मंदिर तक जाने का है। सड़क मार्ग से इस रूट की दूरी 12 किलोमीटर है। जबकि, दूसरा रूट एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से साकेत कॉलेज परिसर में आकर सड़क मार्ग से रामपथ होते हुए राम मंदिर तक जाने का प्रस्तावित किया गया है। साकेत कॉलेज के हेलीपैड पर उतरने के बाद राम मंदिर तक सड़क मार्ग की दूरी सिर्फ एक किलोमीटर की है। इन दोनों रूटों में से किसी एक को एसपीजी की तरफ से फाइनल किया जाना है। फिलहाल, साकेत कॉलेज में प्रधानमंत्री के लिए तीन हेलीपैड बनकर तैयार हो गए हैं। यहां युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। हेलीपैड के पास ही सेफ हाउस भी बनाया गया है। हेलीपैड से रामपथ तक जाने के लिए अस्थायी रोड बनकर तैयार हो गई है। हेलीपैड स्थल पर अधिकारियों की देखरेख में कर्मचारियों और मजदूरों की टीम काम में जुटी हुई है। यहां साफ सफाई के साथ सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। हेलीपैड स्थल की दीवारों पर बैरीकेडिंग लगाई जा रही है। निर्माण सामग्रियों को हरे पर्दों से ढका जा रहा है। हेलीपैड स्थल की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।