अयोध्या में हनुमान जयंती के अवसर पर अफ्रीकी देश जाम्बिया की राजधानी लुसाका से आए श्रद्धालुओं ने अयोध्या में हनुमत वंदना कर भक्ति का अद्भुत संदेश दिया। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की यज्ञशाला में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ किया। ट्रस्ट के आयोजन सहयोगी शैलेन्द्र शुक्ल के अनुसार, भारत के उच्चायोग लुसाका से जुड़े रामराय विजयवर्गीय के नेतृत्व में 51 मातृशक्तियों की टोली अयोध्या पहुंची थी। सभी श्रद्धालुओं ने करीब चार घंटे तक भक्ति भाव से पाठ किया, जिसके बाद प्रभु श्रीराम का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति का वातावरण बना रहा और विदेशी श्रद्धालुओं की आस्था ने सभी को भाव विभोर कर दिया।