अयोध्या में 29वीं प्री यूपी स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान यूपी स्टेट राइफल एसोसिएशन के महासचिव जीएस सिंह ने टीम से विशेष बातचीत में कहा कि अयोध्या में शूटिंग खेल की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। राममंदिर के बाद शहर धार्मिक के साथ प्रमुख पर्यटन केंद्र बना है, जिससे यहां का सकारात्मक माहौल खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाता है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 36 जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं और पूर्वांचल के खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। यदि अयोध्या में आधुनिक राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज विकसित होती है, एसोसिएशन इसके लिए प्रयास करेगा तो भविष्य में यहां प्री-नेशनल या राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि शूटिंग अब महंगा खेल नहीं रहा। एयरगन और एयर पिस्टल के कारण यह सुलभ हुआ है। ओलंपिक में भारत को मिले पदकों में शूटिंग की बड़ी हिस्सेदारी से युवा इस खेल की ओर आकर्षित हो रहे हैं।