अयोध्या में डीजी हेल्थ डॉ. रतनपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को श्रीराम अस्पताल और ऋषभदेव आई हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। अस्पतालों की व्यवस्थाओं, संसाधनों और स्टाफिंग को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। कोडिंग कफ सिरप को लेकर डीजी हेल्थ ने अयोध्या में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कोडिन कफ सिरप पर पूरी तरह प्रतिबंध है। बच्चों के लिए किसी भी स्थिति में यह सिरप नहीं लिखा जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सख्त सर्कुलर जारी किया गया है।औषधि विभाग मेडिकल स्टोर्स पर लगातार जांच कर रहा है। अयोध्या पहुंचे डीजी ने श्रीराम अस्पताल की मेडिकल व्यवस्थाओं के उच्चीकरण को लेकर भी मंथन किया। डीजी हेल्थ डॉ. सिंह ने कहा कि श्रीराम अस्पताल को नई पहचान मिलेगी। राम मंदिर के निकट स्थित होने के कारण श्रीराम अस्पताल को उच्चीकृत करने की बड़ी योजना तैयार की जा रही है। डीजी हेल्थ ने इंजीनियरों की टीम, दो एडिशनल डायरेक्टर और सीएमओ के साथ मीटिंग की। उन्होंने कहा कि श्रीराम अस्पताल में जल्द ही ट्रामा सेंटर, कार्डियो सेंटर और जेनेटिक यूनिट स्थापित किए जाने की तैयारी है।अस्पताल परिसर में जमीन की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया।