फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता बने महंत संजय दास, संतों ने जताया हर्ष

अयोध्या में बड़ा भक्तमाल में आयोजित संतों की बैठक में महंत अवधेश कुमार दास की अध्यक्षता में विभिन्न धार्मिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए गए महंत संजय दास का संतों ने अभिनंदन किया और इसे अयोध्या तथा वैष्णव संप्रदाय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। बैठक में जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य, निर्मोही अखाड़ा के महंत डॉ. महेश दास, महंत जन्मेजय शरण, महंत उपेंद्र दास, सत्यदेव दास, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य तथा निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्रीमहंत मुरली दास सहित अनेक संत उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि अखाड़ा परिषद का गठन पांच वर्षों के लिए हुआ है। संतों ने प्रशासन से मांग की कि वैष्णव संप्रदाय की चरण पादुका की स्थापना के लिए अस्थायी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यदि कोई व्यक्ति संत का चोला पहनकर अनुचित आचरण करेगा तो अखाड़ा परिषद उसके विरुद्ध कार्रवाई करेगी। संतों ने विश्वास जताया कि आगामी कुंभ मेले प्रशासन के सहयोग से निर्विघ्न रूप से संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि कुंभ का क्रम हरिद्वार, उज्जैन और नासिक में निर्धारित परंपरा के अनुसार आगे बढ़ेगा। राम मंदिर में चढ़ावा प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में संतों ने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है, इसलिए इस समय अखाड़ा परिषद की ओर से कोई टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। महंत अवधेश कुमार दास ने कहा कि महंत संजय दास का अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनना अयोध्या का गौरव बढ़ाने वाला निर्णय है। उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्ष महंत ज्ञान दास के कार्यकाल को आज भी लोग याद करते हैं और विश्वास है कि संजय दास भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि वैष्णव संप्रदाय की सबसे बड़ी उपस्थिति अयोध्या में है और यह उपलब्धि पूरे वैष्णव समाज के लिए सम्मान की बात है। जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य ने कहा कि धर्म सम्राट महंत ज्ञान दास के शिष्य को अखाड़ा परिषद का प्रवक्ता बनाया जाना अयोध्या के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कुंभ मेलों का संचालन बेहतर ढंग से होगा। महंत जन्मेजय शरण ने कहा कि जिस प्रकार भगवान हनुमान सनातन धर्म की सेवा में सदैव अग्रणी रहे, उसी भावना से महंत संजय दास वैष्णव संप्रदाय, संत समाज और धर्म की सेवा करेंगे। महंत डॉ. महेश दास ने कहा कि जिस प्रकार आज भी महंत ज्ञान दास का नाम सम्मान से लिया जाता है, उसी प्रकार भविष्य में राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में महंत संजय दास की पहचान स्थापित होगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें