अयोध्या: अयोध्या में आम आदमी पार्टी के सांसद एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने मंगलवार को तारुन के एक निजी मैरिज लॉन में आयोजित जन जागरण सम्मेलन में भाजपा और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर के चंदे, सरकारी स्कूलों की स्थिति, बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार को घेरा। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए किसानों ने अनाज बेचकर और महिलाओं ने गहने बेचकर चंदा दिया, लेकिन भाजपा ने चंदे में चोरी की। उन्होंने कहा, “जो राम का नहीं हुआ, वह किसी और का क्या होगा।” उन्होंने सरकारी स्कूलों को बंद करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पौष्टिक भोजन मिलना चाहिए। आप सांसद ने बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने अग्निवीर योजना, पुलिस भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर भी सरकार की आलोचना की। कहा कि भाजपा चुनाव में हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठाकर वोट हासिल करना चाहती है। सम्मेलन को संत आलोक द्विवेदी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विधायक का उद्देश्य समाजसेवा होना चाहिए। कार्यक्रम में आप के प्रांतीय अध्यक्ष विनय पटेल, अंबेडकरनगर जिलाध्यक्ष बृजेश चौधरी, गुड़िया राइन, मनोज मिश्रा, वंश बहादुर, अकबर अली, राजीव, सत्य प्रकाश और गायक रत्नेश द्विवेदी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।