औरैया बेला थाना क्षेत्र के पुर्वा दुजे गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर बेड पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। गांव पुर्वा दुजे निवासी शिवा दोहरे की पत्नी मोहिनी (23) का शव सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नायब तहसीलदार हरिकिशोर और थाना प्रभारी गंगादास गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी बीच घटना की सूचना मिलने पर मोहिनी के मायके पक्ष के करीब दो दर्जन लोग ट्रैक्टर-ट्राली से गांव पहुंचे। घर पर शव न मिलने पर परिजन बिलख पड़े और बाद में थाने पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मृतका की बहन राधा ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या की गई है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।