जिले में रविवार रात आई तेज आंधी और बारिश का असर सोमवार को भी देखने को मिला। करीब 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई स्थानों पर खंभे और बिजली के तार क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित रही। शहर के दिबियापुर रोड पर सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए, जबकि पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर जा गिरे। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को भी कई गांव अंधेरे में डूबे रहे। विद्युत निगम के कर्मचारी दिनभर क्षतिग्रस्त लाइनों और खंभों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।