सदर कोतवाली क्षेत्र में पुराने एसपी आवास के पास स्थित कांशीराम कॉलोनी में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ पर कबर बिज्जू चढ़ा देख लोगों में खलबली मच गई। लोग जानवर को देखकर अपने-अपने घरों में घुसने लगे। इसी बीच लोगों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे पकड़ कर जंगल में ले जाकर छोड़ा। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे एक अजीबोगरीब जानवर को चढ़ा देख लोगों में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर धनंजय सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद जानवर को पेड़ से नीचे उतारकर पकड़ लिया। डिप्टी रेंजर डीएस गौतम ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचने पर देखा तो पेड़ पर लगभग 50 फुट की ऊंचाई पर कबर बिज्जू जानवर चढ़ा हुआ था। जिसे कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ से नीचे उतारकर जाल में फंसा कर पकड़ा। इसके बाद मढ़ापुर के जंगल में ले जाकर छोड़ दिया।