भौंतापुर में रविवार को शटरिंग खोलने के दौरान पूरा लिंटर ढह गया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के समय मौके पर कोई नहीं था। मकान मालिक ने दुकानदार पर घटिया निर्माण सामग्री देने का आरोप लगाया। जानकारी पर मौके पर पहुंचे कंपनी के इंजीनियर ने जांच की, सामने आया कि लिंटर में कम सीमेंट का प्रयोग किया गया। थाना क्षेत्र के गांव भौंतापुर निवासी रजनीकांत कुशवाहा ने बताया कि उसके घर के एक हिस्से पर लिंटर नहीं पड़ा था। करीब 15 दिन पहले उसने मुरादगंज स्थित एक दुकान से सीमेंट, मौरंग व अन्य सामग्री खरीद कर लिंटर डलवाया था। रविवार को शटरिंग कारीगर शटरिंग खोल रहे थे। इस दौरान पूरा लिंटर ढह गया। गनीमत रही इस दौरान वहां कोई नहीं था। आरोप लगाया कि दुकानदार ने घटिया सामग्री दी, जिससे लिंटर ढह गया। दुकानदार ने आरोपों को निराधार बताया। संबंधित कंपनी के इंजीनियर ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पता चला कि गृहस्वामी ने लिंटर निर्माण में मानक के अनुरूप सीमेंट का प्रयोग नहीं किया था। सीमेंट कम डालने की वजह से लिंटर गिरा है। थानाध्यक्ष ने जयप्रकाश पाल ने बताया कि घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दी गई है।