गजरौला। बिजनौर बैराज से 97717 क्यूसेक पानी छोड़ा जाने पर भी गंगा का जल स्तर स्थिर है। तिगरी में जल स्तर 235 मीटर पर पहुंच कर ठहर गया है, लेकिन लोगों के सामने समस्याओं के अंबार हैं। खेतों से चारा लाने में पसीने छूट रहे हैं। बीते मंगलवार को तिगरी में गंगा का जल स्तर 235 मीटर दर्ज किया गया। 24 घंटे बाद बुधवार को भी जल स्तर में कोई इजाफा नहीं हुआ। जल स्तर 235 मीटर पर ठहर गया है, जबकि बिजनौर बैराज से गंगा में 97717 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जल स्तर भले ही नहीं बढ़ा, लेकिन टापू और गंगा की रेती में बसे दारानगर, शीशों वाली, मंदिर वाली, भुड्डी वाली, टीकों वाली, जाटों वाली समेत कई गांवों के लोगों के सामने समस्याओं के अंबार हैं। इन इन गांवों के लोगों की जिंदगी नाव पर निर्भर हो गई है। जहां दैनिक उपयोग में आने वाले सामान की खरीदारी के लिए बाजार आने और जाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैै, वहीं खेतों से चारा लाने में पसीने छूट रहे हैं। चारा लदी नाव को पार लगाने में सांस फूल जाता है। बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष चंद गहलौत का कहना है कि बिजनौर बैराज से पानी छोड़ा जाने के बावजूद गंगा का जल स्तर स्थिर है।