नौगांवा सादात तहसील के लेखपालों ने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। सड़क पर मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी करके बिजनौर रोड जाम कर दिया। थाने के गेट पर धरना देकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिसकर्मी और लेखपालों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। देर शाम एसडीएम और सीओ ने समझा कर आक्रोशित लेखपालों को शांत कराया। लेखपाल संघ ने आरोपी पुलिस कर्मियों का तबादला होने तक हड़ताल करने की चेतावनी दी है। शनिवार दोपहर नौगांवा सादात तहसीलदार लकी सिंह के निर्देश पर कस्बे में तैनात लेखपाल पीतांबर सिंह ने मिट्टी से भरा हुआ ट्रैक्टर पकड़ा था। इस दौरान ट्रैक्टर के चालक ने मिट्टी उठाने की अनुमति दिखाई। जिसके बाद तहसीलदार ने मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्राली को थाने में खड़ा कर जांच करने की बात कही।