भाकियू चढूनी गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी के हरियाणा में गिरफ्तारी के विरोध पर दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे संगठन के किसानों को पुलिस ने रोेक दिया। किसानों ने इंस्पेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया व राष्ट्रीय अध्यक्ष की बिना शर्त रिहाई की मांग की। गुट के किसान जिलाध्यक्ष राहुल सिद्धू के नेतृत्व में भानपुर स्थित कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से सभी किसान दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। जिसकी सूचना पाकर इंस्पेक्टर मनोज कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसानों को कार्यालय से बाहर ही रोक लिया। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में नारे लगाए। गुरनाम सिंह चढूनी की बिना शर्त रिहाई की मांग की। दिल्ली जाने की कोशिश नाकाम रहनेे पर इंस्पेक्टर को अपनी मांगों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि जल्द ही रिहाई नहीं की गई तो संगठन के किसान बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर नितिन चौधरी, सोनू यादव, अंकुर चौधरी, पवित्र, भुजंग यादव, रईस, शिव केश, सुरेंद्र, प्रदीप चौधरी आदि मौजूद रहे।