तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य कमाया। सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल के निकट बने स्नान घाट के साथ ही अन्य घाटों पर भी स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान करने के बाद धार्मिक अनुष्ठान कराए। तिगरी गंगा मेला शुभारंभ के चौथे दिन मंगलवार को तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब गंगा किनारे उमड़ने लगा। अन्य दिनों जहां श्रद्धालु सांस्कृतिक स्थल के निकट बने स्नान घाट पर स्नान करते थे, वहीं मंगलवार को स्नान घाट संख्या एक से लेकर घाट संख्या 15 तक भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इन सभी स्नान घाटों पर सूर्य की किरण निकलने से पहले ही स्नान शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के उदघोष संग पतित पावनी में डुबकी लगाई। स्नान घाट गंगा मैया के जयकारों से गूंज उठे। उधर कई परिवारों ने गंगा किनारे बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी कराए। तड़के शुरू हुआ स्नान करने का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। इस दौरान सुरक्षा के लिए एसपी अमित कुमार आनंद घोड़े पर सवार होकर मेले में सुरक्षा का जायजा लेते रहे।