भाकियू संयुक्त मोर्चा के किसानों ने प्रदूषित पानी रोके जाने और नष्ट हुईं फसलों का मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर बेमियादी धरने पर तीसरे दिन भी आवाज बुलंद की। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री जयंती मनाई। लंगर चलाया गया। बसैली व शहवाजपुर डोर के बीच खेतों में चल रहे बेमियादी धरने के तीसरे दिन मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि जो फैैक्टरियां बाहर के लोगों को रोजगार मुहैया करा रही हैं, वह स्थानीय लोगों की परेशानी का सबब बनी हैं। औद्योगिक इकाइयों के जहरीले पानी ने भूमिगत पानी को दूषित कर दिया है। चार औद्योगिक इकाइयों के कारण हजारों बीघे फसल नष्ट हो गईं। आए दिन हाेने वाले गैस रिसाव से दम घुटने लगता है। भाकियू संयुक्त मोर्चा प्रदूषित पानी को जमीन में बोरिंग द्वारा भेजने पर रोक लगाने, फसलों का मुआवजा दिलाने और गांवों में आरओ लगाए जाने की मांग को लेकर आवाज उठा रहा है। जब तक मांग पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा। इस दौरान किसानों ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव अरुण सिद्धू, रामकृष्ण चौहान, अमरजीत देवल, राहुल सिद्धू, देवेंद्र सिंह, नित्तिन चौधरी, अभिषेक भुल्लर, समीर चौधरी, अंकुर चौधरी, सलमान चौधरी, धीरज उपाध्याय, करन कुमार, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।