मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अमरोहा अब विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि क्या वर्ष 2017 से पहले इस तरह का विकास और औद्योगिक निवेश संभव था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में गन्ना किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल पाता था और वर्ष 2007 से 2017 के बीच प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद कर दी गई थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए जाते तो उत्तर प्रदेश का पूरा चीनी उद्योग बंद हो सकता था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में डबल इंजन की सरकार प्रदेश में 122 चीनी मिलों का संचालन कर रही है। अब तक गन्ना किसानों को 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। पहले गन्ने का मूल्य 300 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।