अधिवक्ता रविंद्र शुक्ला ने जिला सहकारी बैंक के निदेशक पर उनकी हत्या कराने के लिए दस लाख रुपये की सुपारी देने का आरोप लगाया है। प्रेसवार्ता कर कहा कि युवक की पीट पीटकर हत्या करने में नामजद समेत तीन आरोपियों को सुपारी दी है। उन्होंने डीएम और एसपी को पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की है। अधिवक्ता रविंद्र शुक्ला ने अपने कार्यालय पर प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक के निदेशक यकबगड़ी गांव निवासी वेदपाल सिंह समेत चार लोगों सेे उनकी जान को खतरा है। आरोप लगाया कि वेदपाल सिंह ने उनकी दस लाख रुपयेे की सुपारी मनोज चौहान और मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र निवासी दो युवकों को दी है। मनोज चौहान वारसाबाद गांव का रहने वाला है। उस पर गांव के युवक योगेश की लाठी डंडे से पीट पीट कर हत्या करने का आरोप है। मुजफ्फरनगर के युवकों और जिला सहकारी बैंक के निदेशक का भी आपराधिक इतिहास है। अधिवक्ता ने डीएम और एसपी को पत्र भेजकर अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई हैै। उधर जिला सहकारी बैंक के निदेशक का कहना है कि उन पर आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने अधिवक्ता के परिवार का मकान खरीदा था। इसलिए दबाव में बनाना चाहते हैं।