गजरौला। एक बाबू का तबादला हसनपुर कर दिए जाने के कारण डाकघर में आधार कार्ड बनाने का काम बंद है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने पर्ची चस्पा करा दी कि यहां पर आधार कार्ड नहीं बनते। बीएसएनएल कार्यालय में भी आधार कार्ड बनाने के लिए ठेका होने का इंतजार है। अतरपुरा स्थित डाकघर के स्टाफ ने चाहे अधिकारियों की कितनी ही डांट फटकार क्यों न पड़ी हो, आधार कार्ड बनाने का काम नहीं किया। कभी मशीन में खामी बताकर टाल मटौल करते रहे तो कभी कोई और बहाना ढूंढ़ लिया। अब एक बाबू गौरव कुमार का हसनपुर तबादला हो जाने के कारण आधार कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार का कहना है कि गौरव के नाम पर आधार कार्ड बनाने की आईडी जारी की गई थी। उसका तबादला हो गया हैै। एक अन्य बाबू संजय जायसवाल की आईडी पर लॉक लगा है। पोस्टमास्टर का कहना है कि एक बाबू स्थानांतरित होकर आया हैै। उसकी आईडी बनवाई जा रही है। जल्द ही यहां पर आधार कार्ड बनाए जाएंगे। उधर बैंक ऑफ बड़ाैदा नेे अपने गेट पर पर्चा चस्पा करा दिया कि यहां पर आधार कार्ड नहीं बनते। धनौरा मार्ग किनारे स्थित बीएसएनएल में आधार कार्ड बनाए जाते थे, लेकिन यहां बनाने वाले कर्मचारी विजयपाल का कहना है कि आधार कार्ड बनाने के ठेके की मियाद समाप्त हो गई। इसलिए नहीं बन रहे हैं। दोबारा ठेका होने पर ही आधार कार्ड बनाए जाएंगे। इसमें एक महीना या उससे अधिक समय लग सकता है।