बाइक से जगदीशपुर आ रहे युवक की रास्ते में ट्राला की चपेट में आकर मौत हो गई। सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय क्षेत्र के पूरे हरिवंश गिरजा मोड़ निवासी पंकज उपाध्याय (30) शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे बाइक से जगदीशपुर आ रहे थे। रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर मंगौली के पास पीछे से आए ट्राला ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद चालक ट्राला लेकर भागने लगा, लेकिन आगे पूरे शोहरत रेलवे क्रॉसिंग बंद मिलने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि ट्राला को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में शोक पंकज उपाध्याय की मौत से परिवार में शोक छा गया। पिता सत्य प्रकाश, मां सरोज देवी और पत्नी मंजेश उपाध्याय का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटा हर्षित (15) व जुड़वां बच्चे गोलू और तन्नू (7) भी सदमे में हैं। हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान घटना के समय पंकज ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि उनकी जान नहीं बच सकी।