फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: नमाज अदा कर मांगी अमन-चैन और खुशहाली की दुआ, अकीदत के साथ मनाई गई बकरीद

अमेठी। जिले भर में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) अकीदत, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाई गई। शहर से ग्रामीण इलाकों तक मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। घरों में सेवईं और पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए, जबकि मेहमानों की आवभगत का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। पेश इमाम मौलाना साजिद रजा ने नमाज के बाद भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। पर्व पर सामाजिक समरसता की मिसाल भी देखने को मिली। विभिन्न वर्गों के लोगों ने जामा मस्जिद पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। गौरीगंज की जामा मस्जिद समेत जिले की अन्य मस्जिदों और ईदगाहों में भी शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। मौलाना मुर्तुजा मिस्बाही ने खुतबे में कुर्बानी के महत्व और मानव सेवा की भावना पर प्रकाश डाला। नमाज के बाद लोगों ने रिश्तेदारों और मित्रों से मुलाकात कर पर्व की खुशियां साझा कीं। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने जायस समेत कई क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर सौहार्द बनाए रखने की अपील की। जगदीशपुर, वारिशगंज, कठौरा, रानीगंज, सिंदुरवा और देवकली समेत विभिन्न गांवों में भी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। प्रमुख स्थानों पर पूरे दिन पुलिस बल तैनात रहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें