अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र के तेजी का पुरवा स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। सम्मेलन में हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की रक्षा संविधान करता है और पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने लगातार संविधान पर हमला किया है। राहुल गांधी ने कहा, “उनका काम अर्थव्यवस्था की रक्षा करना है, उनका काम देश की रक्षा करना है, लेकिन पिछले 12 साल में उन्होंने क्या किया?” उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े लोगों को विश्वविद्यालयों में वाइस चांसलर बनाया जा रहा है और देश की संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने उद्योगपतियों का जिक्र करते हुए कहा कि अब गौतम अडानी और मुकेश अंबानी इस देश को नहीं बचा सकते। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। राहुल गांधी ने कहा, “टॉफी बांटना बंद करो और किसानों को खाद उपलब्ध कराओ।” उन्होंने आरोप लगाया कि अंबानी आज भी करोड़ों रुपये का तेल विदेशों में एक्सपोर्ट कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी संविधान पर हमला है और अडानी-अंबानी को देश का धन देना भी संविधान पर आक्रमण है। उन्होंने कहा, “संविधान हिंदुस्तान की आवाज है।” अपने भाषण में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी तीखा हमला बोला। तेजी का पुरवा स्थित कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी के संबोधन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने अमेठी से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा, “अमेठी मेरी कर्मभूमि है। मेरे पिता, माता और बहन सभी को अमेठी ने प्यार दिया है। दिल से मैं आपका धन्यवाद करता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि अगली बार वह अमेठी आएंगे तो अपनी बहन प्रियंका गांधी को भी साथ लेकर आएंगे।