हावड़ा से चलकर आनंद विहार जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस सोमवार सुबह अमेठी के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची। रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस ट्रेन का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के अगले दिन ट्रेन अपने निर्धारित समय से पहले सुबह 7:50 बजे निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची। तय समय 8:10 बजे आगे के लिए रवाना हुई। स्टेशन पर पहुंचते ही रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों ने लोको पायलट सुबोध कुमार का स्वागत किया। 18 जनवरी को संतरागाछी से रवाना होकर यह विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सोमवार को निहालगढ़ पहुंची। निहालगढ़ में ठहराव मिलने से जनपद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली, लखनऊ और हावड़ा जैसे प्रमुख शहरों तक यात्रा में बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। चीफ लोको इंस्पेक्टर डी.एस. मीना ने बताया कि उद्घाटन के पहले दिन निहालगढ़ स्टेशन से पांच यात्रियों ने इस ट्रेन में सफर किया।