अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले अमेठी में रविवार से योग सप्ताह की शुरुआत हो गई। इस अवसर पर गौरीगंज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों और आमजन के साथ योग किया। राजेश अग्रहरि ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योग करने से न केवल शरीर तंदुरुस्त रहता है, बल्कि मानसिक शांति भी मिलती है। उन्होंने सभी से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय कुमार चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल समेत कई विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों ने ताड़ासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन और शवासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और उनसे होने वाले लाभ भी बताए। योग सप्ताह के अंतर्गत जिले के अलग-अलग स्थानों पर प्रतिदिन योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद में भव्य योग आयोजन किया जाएगा। इसमें शासन से नामित नोडल अधिकारी की उपस्थिति में जनपद स्तरीय अधिकारी और आमजन बड़ी संख्या में भाग लेंगे।