अमेठी में पूरा परिवार परदेश में रहता है। पत्नी के नाम कनेक्शन लिया था। विभाग की ओर से न तो खंभा लगाया गया और न ही घर में तार व मीटर। ऊपर से दो लाख रुपये बिजली बिल भी भेज दिया गया। कनेक्शन बंद कराने के लिए पांच बार शिकायत की। अब तक 1500 रुपये खर्च हो गए, लेकिन निस्तारण नहीं हुआ। ये बातें गौरीगंज सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करने पहुंचे पूरे पाल सेनीपुर निवासी रामकरन ने सीडीओ से कहीं। गौरीगंज के गांव मूंघी निवासी विद्या देवी ने जामों पुलिस पर बताया कि उनके 75 वर्षीय पिता को गांव का एक व्यक्ति झांसा देकर संपत्ति का बैनामा कराना चाहता है। उसने पिता को अपने घर पर रख लिया है। उनकी मानसिक दशा ठीक नहीं है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। नगर पालिका जायस के पूरे सफ्फू वार्ड निवासी दोनों आंखों से दिव्यांग संगीता अपने पड़ोसी की मदद से तिलोई तहसील पहुंची। डीएम संजय चौहान को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि दो साल से वह चक्कर लगा रहे हैं, अब तक राशनकार्ड तक नहीं बन सका है। वहीं सैंबशी गांव निवासी दिव्यांग अब्दुल्ला ने बताया कि बारकोड गांव में वह अपनी जमीन पर निर्माण कर रहे हैं। राजस्व कर्मी जबरन निर्माण रोक रहे हैं। शिकायत करने पर अफसर टाल मटोल कर वापस कर देते हैं। जिससे दो माह से इनका निर्माण रुका हुआ है। वहीं, रस्तामऊ गांव निवासी राम अभिलाख ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग को खोलवाने के लिए वह दो साल से तहसील के चक्कर काट रहे हैं। अभी तक न्याय नहीं मिला। तिलोई तहसील में डीएम संजय चौहान, गौरीगंज में सीडीओ सचिन कुमार की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तिलोई में आईं 54 शिकायतों में से छह का मौके पर निस्तारण कराया गया। वहीं अमेठी में 32 में से एक, मुसाफिरखाना में 16 में से दो और गौरीगंज में 34 में चार शिकायतों का निस्तारण किया गया।