अमेठी में ऊर्जा निगम की ओर से आयोजित हो रहे बिजली बिल राहत शिविर में उपभोक्ता छूट में पंजीकरण की दो हजार रुपये की धनराशि समाहित नहीं होने से परेशान हो रहे हैं। उन्हें इसकी सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। छूट का लाम पाने के लिए शिविर में उपभोक्ताओं की कतार लग रही है। जिले के अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर और तिलोई डिविजन में बिजली बिल राहत योजना के तहत 90,483 उपभोक्ता शामिल हैं। इनका कुल 230.68 करोड़ रुपये बकाया है। शनिवार को गौरीगंज उपखंड कार्यालय पर लगे शिविर में मिले राममिलन ने बताया कि उनका 21 हजार रुपये बिजली बिल बकाया था, दो हजार रुपये देकर पंजीकरण कराने के बाद छूट के बाद 9,326 रुपये जमा किया। कहा कि पंजीकरण की धनराशि जमा करने में शामिल नहीं हुई। दीपक कुमार कश्यप ने बताया कि शिविर में छूट मिलने की जानकारी मिली थी। 7484 रुपए बकाया है लेकिन यहां पर उन्हें बताया गया कि उन्हें छूट नहीं मिल पाएगी। राजाराम ने बताया कि उन्हें एक ही मीटर नंबर पर डबल कनेक्शन दिया गया है। जिसका बिल लगातार भेजा जा रहा है। करीब 4 साल से वह डीएम संग विभाग के अफसरों का चक्कर काट रहे हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।