अमेठी में के जामो थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई दुर्घटना में घायल बच्ची की सोमवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन मंगलवार सुबह थाने पहुंचे। भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके कानूनी प्रक्रिया शुरू की है। हादसे में तीन अन्य बच्चियां भी घायल हुई हैं। उनका उपचार जारी है। क्षेत्र के खुशियलगढ़ पूरे चितई गांव निवासी मोहम्मद अमीन की बेटी आलिया बानो 7 दिसंबर को दुकान से घर लौट रही थी। उसके साथ नजमा, उजमा और फिजा भी थीं। सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने चारों को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल आलिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां देर रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। भाई मोहम्मद शाहरुख ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने बाइक चालक साहब लाल पुत्र श्यामलाल पासी निवासी बख्तावर सिंह का पुरवा, थाना जामो, के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच चल रही है। वहीं नजमा, उजमा और फिजा का इलाज अस्पताल में चल रहा है। गांव में बच्ची की मौत से शोक का माहौल है।