अमेठी में जिला मुख्यालय गौरीगंज में भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार को भारत तिरंगा शौर्य यात्रा निकाली गई। यह यात्रा फल मंडी तिराहा से शुरू होकर लोकतंत्र सेनानी स्मारक स्थल तक निकली। यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने किया। इसमें राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य, प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और भाजपा प्रदेश मंत्री शंकर गिरी विशेष सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है। यह यात्रा देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि है। युवाओं में राष्ट्रभक्ति की चेतना जगाने का माध्यम भी है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि पार्टी का यह संकल्प है कि हर नागरिक देश के गौरव, परंपरा और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को जाने और उसका सम्मान करे। तिरंगा यात्रा उसी भावना को जीवंत करती है। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और आमजन ने हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के गीत गाए। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।