उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2025 रविवार को अमेठी के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। 6202 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सुरक्षा के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और उपकेंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। लोक सेवा आयोग के समन्वयक पर्यवेक्षक वीरेंद्र सिंह ने डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी संग शनिवार को इंदिरा गांधी महाविद्यालय में केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र और पारदर्शी बॉल पेन के साथ प्रवेश की अनुमति होगी। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी और महिला पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के बाहर भी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीएम कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से सभी केंद्रों की लाइव निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।