शहर में बृहस्पतिवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में "जय जगन्नाथ" के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया और भगवान के रथ की रस्सी खींचने के लिए उत्साह दिखाया। रथयात्रा का शुभारंभ देवीपाटन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हुआ। सुसज्जित रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। यात्रा देवीपाटन मंदिर से सगरा तिराहा, गांधी चौक, हनुमानगढ़ी, अंबेडकर तिराहा, रामलीला मैदान, ककवा रोड होते हुए रायपुर फुलवारी पहुंची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद और शीतल पेय वितरित किए। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सोनू अग्रहरि, विजय अग्रहरि, मोनू कसौधन, रामजी, विजय सोनी, मंजू कसौधन, सीता बरनवाल, अंशिका सोनी, राधा जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।