अमेठी सिटी। नवागत एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इसके बाद उन्होंने कार्यालय के सभी पटलों का निरीक्षण किया। पत्रावलियों के रखरखाव व कर्मियों की कार्य कुशलता भी परखी। निरीक्षण के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब एसपी ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
2015 बैच की आईपीएस अपर्णा रजत कौशिक मूलरूप से रामपुर की रहने वालीं हैं। आईपीएस अपर्णा रजत कौशिक ने मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान प्रयागराज से 2012 में बीटेक (बायोटेक्नोलॉजी) की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने एक वर्ष मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी की। वर्ष 2015 में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस बनी हैं। शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखनऊ, कासंगज के बाद अमेठी जिले की जिम्मेदारी शासन ने अपर्णा रजत कौशिक को दी है।
एसपी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद एसपी ने कार्यालय के सभी पटलों का निरीक्षण साफ-सफाई संग पत्रावलियों के रखरखाव व कार्य पद्धति की जांच करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर एएसपी हरेंद्र कुमार, सीओ गौरीगंज अखिलेश वर्मा, सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह, सीओ अमेठी मनोज मिश्र, सीओ तिलोई डॉ. अजय सिंह व सीओ कार्यालय जगदीश प्रसाद आदि मौजूद रहे।
शामली कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते बसपा कार्यकर्ता । संवाद