अंबेडकरनगर। बसखारी क्षेत्र में अवैध ढंग से संचालित निजी अस्पताल और पैथोलॉजी सेंटरों पर मंगलवार को छापा मारा गया। पुलिस और प्रशासन की ओर से की गई संयुक्त कार्रवाई में दो डायग्नोस्टिक सेंटर व तीन अस्पतालों में जांच की गई। जिसमें एक अस्पताल और एक डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया गया है। देर शाम तक चली इस कार्रवाई से निजी स्वास्थ्य केंद्र संचालकों में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। मंगलवार दोपहर एसडीएम टांडा डॉ. शशि शेखर, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय कुमार व थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने संयुक्त रुप से बसखारी स्थित प्रांजल डायग्नोस्टिक सेंटर, न्यू आयुष्मान चाइल्ड केयर सेंटर, ग्लोबल हेल्थ केयर सेंटर और प्रकाश डायग्नोस्टिक के अलावा एक हड्डी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को आयुष्मान चिल्ड्रेन केयर सेंटर व हड्डी अस्पताल अवैध रुप से संचालित मिला। इनमें न ही योग्य चिकित्सक मिले और न ही पंजीकरण जिसके बाद इन दोनों को सील कर दिया गया।