अंबेडकरनगर के जलालपुर क्षेत्र के गांव फतेहपुर में तालाब में सोमवार को किशोरी नेहा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की बहन सविता ने बताया कि हम तीन बहने हैं। बड़ी बहन कविता जिसकी शादी हो गई है, वे अपने ससुराल में रहती हैं। मैं और मेरी छोटी बहन नेहा जिसकी मौत हुई है पिता नंदलाल और माता महिमा घर पर रहते थे। शनिवार को गांव का दीपक और उसकी मां घर पर लड़ाई झगड़ा करने आए थे। इसी बात की शिकायत करने के लिए नेहा जलालपुर कोतवाली गई थी लेकिन शाम तक नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह घर से 500 मीटर दूर तालाब में नेहा का शव मिला। कविता ने बताया कि गांव के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसको लेकर काफी विवाद भी चल रहा था। एक माह पूर्व इसी विवाद को लेकर जलालपुर कोतवाली में समझौता भी हुआ था। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है।