अंबेडकरनगर के टांडा के कश्मीरिया मोहल्ले में बाबा साहब की झांकी के बाद डीजे सीज करने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मंगलवार देर रात तनाव की स्थिति बन गई। झांकी का जुलूस देर रात शांतिपूर्वक समाप्त हो गया था। इसके बाद पुलिस ने तेज आवाज वाले डीजे को सीज करने की कार्रवाई की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी दौरान झांकी में तोड़फोड़ की गई और अभद्रता हुई। कुछ लोगों ने मारपीट के भी आरोप लगाए। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और जांच की मांग करने लगे। कई घंटे तक हंगामा चला। क्षेत्राधिकारी शुभम कुमार ने कहा कि केवल डीजे सीज किया गया है। झांकी को नुकसान पहुंचाने में पुलिस की भूमिका नहीं मिली है। मामले में अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई। घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न दलों के नेता मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग की।