जलालपुर (अंबेडकरनगर)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) में जलालपुर कस्बे और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले इन होनहार छात्रों ने कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन के बल पर मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उस्मापुर निवासी मोहम्मद कुमैल तथा जफराबाद के अर्सलान अब्बास, सदाक़त अब्बास और शिफा अब्बास ने नीट-2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिली है। छात्रों की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने विश्वास जताया कि ये होनहार छात्र भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।