जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने की। इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों की शिकायतें सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। इस अवसर पर डीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय, पीडी अनिल सिंह, एसडीएम राहुल गुप्ता, तहसीलदार गरिमा भार्गव, क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान जलालपुर तहसील क्षेत्र के दुल्हूपुर कला निवासी 70 वर्षीय गुलब्धारी ने शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 में शौचालय निर्माण के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अब तक शौचालय का निर्माण नहीं हुआ। उनका आरोप है कि ग्राम सचिव द्वारा बिना निर्माण कराए ही उसे निर्मित दिखाकर रिपोर्ट लगा दी गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह दूसरी बार शिकायत लेकर समाधान दिवस में आई हैं। वहीं जलालपुर के मंसूरपुर निवासी धूप नारायण सिंह ने चकमार्ग और खलिहान की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जिला अधिकारी के आदेश के बावजूद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है और इस संबंध में वह अब तक करीब 10 बार शिकायत पत्र दे चुके हैं। इसके अलावा जलालपुर के पिंडोरिया निवासी विजय बहादुर ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर तीन बार शिकायत पत्र देने की बात कही। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी अभी तक अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।