मालीपुर रोड स्थित हरियाली मार्केट में बुधवार को यूको बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम राहुल कुमार गुप्ता ने फीता काटकर शाखा का उद्घाटन किया। इससे पूर्व शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार पाठक ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। कार्यक्रम के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ उप अंचल प्रमुख साहिल सुमन, लोन एंड मार्केटिंग हेड अमन रंजन, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल, नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, समाजसेवी सोनू गौड़ एवं मीडिया प्रभारी विकास निषाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने कहा कि नई शाखा के संचालन से क्षेत्रवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुलभ बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने ग्राहकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। कार्यक्रम में मुख्य प्रबंधक अंकुर यादव, जय प्रकाश पांडेय, सौरभ सिंह, अशोक सिंह सहित बैंक के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं स्थानीय व्यापारियों आदित्य गोयल, शिवम आर्या और विवेक सोनी ने नई शाखा के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए लाभकारी बताया।