कोतवाली क्षेत्र के फखरपुर गांव निवासी एक युवक अपनी पत्नी को वापस बुलाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार शाम करीब 4:00 बजे पंचायत भवन के पास निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, फखरपुर निवासी प्रिंस दुबे पुत्र स्वर्गीय संतोष दुबे ने लगभग छह माह पूर्व गांव की निहारिका से कोर्ट मैरिज की थी। तीन दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद पत्नी ने पुलिस से शिकायत कर दी थी और मायके चली गई थी। पुलिस ने युवक का शांति भंग में चालान कर दिया था। जमानत मिलने के बाद पत्नी के वापस न आने से आहत युवक बृहस्पतिवार की शाम निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गया और उसे वापस बुलाने की मांग करने लगा। शाम करीब 7:00 बजे सूचना पर जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। तहसीलदार निखिलेश कुमार, नायब तहसीलदार हरिराम समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी पहुंच गए और निहारिका को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे युवक को नीचे उतारा जा सका। इंस्पेक्टर अजय प्रताप यादव ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।