दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर अंबेडकरनगर के जलालपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों में आक्रोश है। छात्रों ने कहा कि नीट समेत विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा कि सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करना चाहिए। कुछ छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई और चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे भी जंतर-मंतर पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे। विद्यार्थियों ने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की। अंकित ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करे। विशाल ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज उचित नहीं है। सरकार को छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।