मिस इंटरनेशनल रनवे विनर बन गांव लौटी आरती का हुआ भव्य स्वागत दुबौली की बेटी ने बढ़ाया मान, परिजनों व ग्रामीणों में हर्ष संवाद न्यूज एजेंसी राजेसुल्तानपुर। छोटे से गांव की बेटी जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराकर लौटती है तो उसकी सफलता पूरे क्षेत्र का गौरव बन जाती है। ऐसा ही गौरवपूर्ण क्षण रविवार को तब देखने को मिला जब दुबौली गांव की बेटी आरती जौहरी मिस इंटरनेशनल रनवे विनर-2026 का खिताब जीतने के लगभग तीन माह बाद अपने गांव पहुंचीं। गांव में कदम रखते ही परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। फरवरी माह में दिल्ली में आयोजित इंटरनेशनल रनवे प्रतियोगिता-2026 में आरती जौहरी ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए केन्या, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, चीन, रूस और जापान समेत कई देशों की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ शीर्ष स्थान हासिल किया था। गांव पहुंचने पर आरती का स्वागत करने वालों में आधारी देवी, गिरीश चंद, गौरव कुमार एडवोकेट, कंचन लता, संगीता, विजयलक्ष्मी, बृजेश कुमार, प्रेमलता, अजय, महिमा, पंकज कुमार, रामकरन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। व की इस बेटी की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। --------------- नवंबर में मिस एशिया प्रतियोगिता की शुरू की तैयारी आरती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां यदि अवसर और प्रोत्साहन पाएं तो वे किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने बताया कि अब उनकी नजर नवंबर में होने वाली मिस एशिया प्रतियोगिता पर है, जिसकी तैयारियां उन्होंने शुरू कर दी हैं। आरती ने अपनी सफलता का श्रेय माता चंद्रावती, पिता छोटेलाल, बहन शीला देवी और जीजा अनंत कुमार को देते हुए कहा कि परिवार के सहयोग और विश्वास ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि मॉडलिंग के साथ-साथ वह एलएलबी करने के बाद पीएचडी की पढ़ाई भी कर रही हैं। उनका सपना शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा योगदान देकर एक दिन विश्वविद्यालय की कुलपति बनने का है। ----------------- पहले भी मिल चुके हैं खिताब आरती जौहरी इससे पहले मिस लखनऊ, मिस दिल्ली और मिस अवध का खिताब जीत चुकी हैं। वह मिस इंडिया प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप भी रह चुकी हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह दो बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त कर चुकी हैं और कानपुर विश्वविद्यालय की टॉपर भी रही हैं।