यूपी के अंबेडकर नगर में एक ओर जहां शादी-विवाह का सीजन अपने चरम पर है, वहीं दूसरी ओर कॉमर्शियल एलपीजी गैस की किल्लत और कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने होटल, रेस्टोरेंट और मिष्ठान व्यवसायियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। 1 मई से 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कीमत बढ़कर 3071.50 रुपये हो गई है जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ेगा। जलालपुर तहसील क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट संचालक मनोज चौहान ने बताया कि पिछले करीब दो महीनों से गैस की कमी के चलते उन्हें कोयले की भट्टी का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जो कॉमर्शियल सिलिंडर 2078 रुपये में मिल जाता था, अब उसकी कीमत सीधे तीन हजार रुपये के पार पहुंच गई है। ऐसे में रेस्टोरेंट के मेन्यू में भी बदलाव करना पड़ा है। हर व्यंजन की कीमत 20 से 30 रुपये तक बढ़ गई है। वहीं जलालपुर के प्रसिद्ध मिष्ठान विक्रेता बबलू ने बताया कि शादी सीजन के बावजूद गैस की किल्लत के कारण वे सीमित ऑर्डर ही ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोयले का उपयोग कर काम चलाया जा रहा है, लेकिन इसकी भी एक सीमा है। ऐसे में व्यवसायियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उधर, डीह भियांव निवासी अरुण कुमार ने बताया कि वह आजमगढ़ में रहकर पॉलिटेक्निक की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन गैस की कमी वहां भी बनी हुई है। छोटे सिलिंडर भरवाने के लिए उन्हें प्रति किलो लगभग 300 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं और वह भी काफी मशक्कत के बाद उपलब्ध हो पाता है। इस वजह से उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो इसका व्यापक असर आम जनजीवन और छोटे व्यवसायों पर पड़ेगा।