अंबेडकरनगर-राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआईकला गांव स्थित तालाब में सोमवार सुबह युवती का शव मिला। इससे गांव में सनसनी का माहौल बन गया। थाने में दी तहरीर में तेंदुआईकला गांव निवासी संतराम राजभर ने बताया कि वह दो दिन पहले जनपद आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव स्थित रिश्तेदारी में पत्नी के साथ गए थे। उसी दिन शाम को वापस आने पर उनकी छोटी पुत्री अंतिका राजभर (18) घर पर नहीं मिली। उसकी खोजबीन की जाने लगी। तीसरे दिन सोमवार सुबह लगभग दस बजे अंतिका का शव गांव के पास स्थित एक निजी महाविद्यालय के पीछे तालाब में उतराता मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ देर बाद प्रभारी थानाध्यक्ष अमरनाथ यादवपहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शरीर पर चोट के प्रत्यक्ष निशान नहीं मिले हैं। नाक से खून का रिसाव होना पाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकता है। परिजनों ने कोई आरोप फिलहाल नहीं लगाया है।