अंबेडकरनगर में नवागत एसपी प्राची सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता की। एसपी ने लंबित वारदातों पर सख्त रुख अख्तियार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिला अपराध पर अंकुश लगाने के साथ चोरी और लूट की वारदातों पर रोक लगाना प्राथमिकता रहेगी। अगर घटना होती है तो उसका वर्कआउट जल्द से जल्द करने का प्रयास किया जाएगा। राजस्व संबंधी विवादों में पुलिस सीधे हस्तक्षेप नहीं करेगी। राजस्व अधिकारियों से जांच कराने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जहांगीरगंज इलाके में हुई कपड़ा व्यवसाइयों से हुई लूट की वारदात पर एसपी ने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार वर्क आउट में लगी हैं। जल्द ही इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर लिया जाएगी। जिले में लगातार हो रहीं चोरी की वारदातों पर कहा कि पूर्व में हुईं सभी घटनाओं का ब्योरा मांगा गया है। अधिक वारदात वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाएगी। साथ ही पुरानी वारदातों का जल्द से जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। जिन स्थानों पर चौकियां नहीं हैं, उनका प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा। इसके साथ ही रात्रिकालीन गश्त और पिकेट व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इस मौके पर एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, पूर्वी श्यामदेव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को एसपी प्राची सिंह ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर सलामी ली। इसके बाद फरियादियों की समस्याएं सुनीं। पहले दिन यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। एसपी ने सभी संबंधित थानाध्यक्षों को फरियादियों की समस्याएं जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए।