यूपी के अंबेडकरनगर में सोमवार को पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन की ओर कलेक्ट्रेट के निकट डॉ. अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद एसडीएम प्रतीक्षा सिंह को सौंपा ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे। प्रदर्शन कर रहे पंचायत सहायकों का कहना है कि उन्हें केवल छह हजार रुपये ही मानदेय दिया जाता है। जबकि काम वह भी अन्य कर्मचारियों के बराबर करते हैं। उन्हें जो मानदेय मिल रहा है उससे गुजारा नहीं हो पा रहा है। पंचायत सहायकों का कहना है ग्राम पंचायत सचिवालयों के संचालन, डिजिटल सेवाओं के क्रियान्वयन व विभिन्न विभागीय योजनाओं के सफल संचालन में पंचायत सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। इसके बावजूद पंचायत सहायकों को आज तक न तो स्पष्ट सेवा नियमावली प्राप्त है और न ही कार्य के अनुरूप सुविधाएं व सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने मांग की कि पंचायत सहायकों के लिए कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था लागू की जाए। इसके साथ ही अलग से पंचायत सहायक पोर्टल बनाया जाएग। पंचायत भवनों पर मूलभूत सुविधाओं को पूरा किया जाए।