अंबेडकरनगर में सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर जलालपुर तहसील क्षेत्र के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। न्योरी, दुल्हूपुर रफीगंज, हैदराबाद, मगुराडिला, सराय चौक, यादव चौक, मालीपुर समेत छोटे-बड़े बाजारों में दुकानदारों ने कांवड़ यात्रा से जुड़ी सामग्री सजा दी है। शिवभक्त भी यात्रा की तैयारियों के लिए खरीदारी करने बाजार पहुंचने लगे हैं। इससे कारोबारियों को इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है। क्षेत्र के कई लोग कांवड़ यात्रा के लिए देवघर, वाराणसी, अयोध्या समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों की ओर रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं। वहां से गंगाजल लाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर बाजारों में पूजन सामग्री, कांवड़, भगवा वस्त्र और अन्य धार्मिक सामान की मांग बढ़ने लगी है। रफीगंज बाजार के दुकानदार रिशु गुप्ता ने बताया कि शिवभक्तों ने खरीदारी शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में बाजार में ग्राहकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। सावन के दौरान दूसरे शहरों में काम करने वाले कई लोग भी छुट्टी लेकर घर लौटते हैं जिससे स्थानीय बाजारों में खरीदारी बढ़ जाती है। कारोबारियों को कांवड़ यात्रा के साथ-साथ सावन के अन्य धार्मिक आयोजनों से भी व्यापार बढ़ने की उम्मीद है।