अंबेडकरनगर। बकाया बिल जमा कराने को लेकर रविवार से प्रारंभ हुए एकमुश्त समाधान योजना के तहत जिले के चारों बिजली वितरण खंड क्षेत्र में 80 स्थानों पर शिविर लगे। हालांकि पहला दिन होने के चलते जहां कुछ शिविर में लगभग सन्नाटा रहा, तो वहीं कुछ शिविर में उपभोक्ताओं ने पहुंचकर योजना का लाभ उठाया। इस बीच अधिशासी अभियंता बिजली अकबरपुर ने अलग-अलग शिविर पर पहुंचकर जायजा लिया।
योजना के तहत रविवार को प्रथम चरण का अभियान प्रारंभ हुआ। 31 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान पांच हजार से अधिक का बकाया होने पर एकमुश्त राशि जमा करने पर ब्याज में 70 प्रतिशत छूट मिलेगी। यह सुविधा एक किलो वाट वाले कनेक्शनधारियों के लिए होगी। इस बीच पहले दिन रविवार काे अवकाश होने के चलते उपभोक्ताओं में शिविर लगने को लेकर उहापोह की स्थित थी। इसी के चलते ज्यादातर शिविर में लगभग सन्नाटे का माहौल रहा। हालांकि सोमवार से इसमें तेजी आने की उम्मीद है। मालूम हो कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिले के सभी चारों विद्युत वितरण खंड में लगभग 80 शिविर लगाए गए हैं।
इस बीच अधिशासी अभियंता बिजली अकबरपुर आशीष यादव ने जमुनीपुर, मरैला, अशरफपुर बरवां, बैरमपुर बरवां, शहजादपुर समेत कई अन्य शिविरों में पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने उपभोक्ताओं से बढ़ चढ़कर योजना का लाभ उठाने की अपील की। प्रथम चरण में बकाया बिल जमा करने पर ब्याज में अधिक छूट मिलेगी। उन्होंने बताया कि पहले दिन अकबरपुर विद्युत वितरण खंड में कुल 193 उपभोक्ताओं ने लगभग साढ़े सात लाख रुपये बकाया बिल जमा किया।