परीक्षा केंद्र पर होती परीक्षार्थियों की जांच।
अंबेडकरनगर। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) दूसरे दिन रविवार को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। इसमें पंजीकृत 9111 अभ्यर्थियों में से 8890 ने परीक्षा दी, 321 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बीएनकेबी पीजी काॅलेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों पर सुबह आठ बजे से ही परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी। नौ बजे परीक्षार्थियों को गहन तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत मोबाइल को केंद्र के बाहर ही रखवा दिया गया। यहां पंजीकृत 600 परीक्षार्थियों में 565 ने परीक्षा दी, 35 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए बनाए गए सीबीएसई के सचल दल टीम के सदस्य डीएन पांडेय ने विद्यालय पहुंचकर परीक्षा की शुचिता की जांच की। कहीं किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली।
डॉ. शिव सहाय सिंह गुरुकुल एकेडमी सोनगांव में पंजीकृत 600 अभ्यर्थियों में 556 ने परीक्षा दी, वहीं 44 गैरहाजिर रहे। सेंट जेवियर्स स्कूल अहरिया में पंजीकृत 360 में 338 ने परीक्षा दी, 22 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल बालिका इंटर कॉलेज में 420 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 394 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे, यहां 26 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती रही।