विहिप और बजरंग दल आतंकवाद के खिलाफ किया प्रदर्शन, फूंका पुतला प्रयागराज। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के आह्वान पर आज संगम नगरी में जिहादी आतंकवाद, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसी घटनाओं के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस विरोध पखवाड़े के तहत प्रयागराज में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। कार्यकर्ता सिविल लाइंस स्थित निर्धारित धरना स्थल पर एकत्रित हुए। वहां से जुलूस की शक्ल में प्रदर्शन करते हुए सुभाष चौराहे तक सभी लोग पहुंचे। यहां बजरंग दल और विहिप के पदाधिकारियों ने देश में हिंदू परिवारों के उत्पीड़न और हिंदू कन्याओं के साथ हो रहे शोषण पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। विरोध के प्रतीक स्वरूप कार्यकर्ताओं ने जिहादी आतंकवाद का पुतला दहन किया। इससे कुछ देर के लिए चौराहे पर गहमागहमी की स्थिति बनी रही। इसके बाद एसीएम द्वितीय को संबोधित ज्ञापन सौंपकर ऐसी घटनाओं पर कठोर अंकुश लगाने की मांग की गई। अवैध धर्मांतरण के लिए सख्त कानून बनाए जाने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, प्रांत कोषाध्यक्ष रविंद्र मोहन गोयल और प्रांत गौ रक्षा मंत्री लाल मणि तिवारी ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर अजय गुप्ता, मनीष श्रीवास्तव, शुभम कुशवाहा, योगेश, लवलेश बजरंगी, प्रकाश वैश्य, अमित सिंह, शिवम द्विवेदी आदि मौजूद रहे।