सिकंदरा स्थित गाजी मियां की दरगाह पर रविवार को लगने वाले रौजा मेले की वजह से कस्बे में भीषण जाम लगा रहा। उमसभरी गर्मी में लोग जाम में घंटों जूझते रहे। सोरांव-फूलपुर रोड और सिकंदरा-दांदूपुर रोड पर लोग घंटों फंसे रहे। गाजी मियां की दरगाह पर हर रविवार को रौजा मेला लगता है। इसमें हजारों लोग चादरपोशी और मन्नत मांगने आते हैं। लेकिन नवरात्र की वजह से रविवार को ज्यादा भीड़ रही। मेले में पुलिस व्यवस्था कमजोर होने से लोग दिनभर जाम से जूझते रहे। सोरांव-फूलपुर रोड पर मनसैता नदी के पुल से लेकर सिलोखरा तक वाहनों की कतार लग गई। करीब तीन घंटे की बड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को आवागमन शुरू कराया जा सका।